,

ऐचवाड़ा राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट में विवाद गहराया, पुजारी परिवार को गांव से निकालने और मंदिर की संपत्ति-आभूषण नहीं सौंपने के आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के पोहरी ग्राम ऐचवाड़ा स्थित श्री राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट को लेकर विवाद सामने आया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने जिला प्रशासन को शिकायत देकर मंदिर से जुड़े विवाद की पूर्ण जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में मंदिर, पुजारी परिवार और ट्रस्ट की संपत्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मंदिर को क्षति पहुंचाने के बाद भगवान की प्रतिमा को करीब तीन वर्ष तक खुले में रखने की स्थिति बनी रही, जिससे ग्रामीण भक्तों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पुजारी परिवार के साथ मारपीट कर उन्हें गांव से बाहर कर दिया गया तथा पूर्व महंत संत चैऊ बाबा के निधन के बाद मंदिर के सामान और भगवान के आभूषण सहित अन्य सामग्री ट्रस्ट को आज तक नहीं सौंपी गई।

ट्रस्ट अध्यक्ष के अनुसार पूर्व महंत संत चैऊ बाबा ने बंटी उर्फ नरेश शर्मा को मंदिर की जिम्मेदारी सौंपते हुए पूजा और सेवा की जिम्मेदारी दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसके बावजूद पुजारी परिवार को परेशान करने और मंदिर की जमीन को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिशें जारी हैं।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि विवाद की स्थिति को देखते हुए प्रशासन द्वारा करीब तीन माह तक मंदिर और पुजारी की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। ट्रस्ट की ओर से प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर मंदिर, ट्रस्ट और पुजारी परिवार के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।


संबंधित खबरें