,

वेयरहाउस के पास मृत मिले अर्जुन की मौत पर उठे सवाल, शरीर पर कई गहरे कट के निशान; पिता ने SP से कहा- ‘हत्या की आशंका, अंकित व साथियों की हो जांच’ / Shivpuri News

शिवपुरी। करई वेयरहाउस के पास 33 वर्षीय अर्जुन जाटव का शव मिलने के मामले में अब उसके पिता राजेश जाटव ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर घटना को हत्या की आशंका से जोड़ते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि अर्जुन 26 अगस्त को फतेहपुर स्थित अपने घर से करईडांडा में अपनी बुआ के घर गया था। इसके बाद 28 अगस्त को परिवार को उसके मृत अवस्था में मिलने की सूचना मिली।

परिजनों के मुताबिक थाना सुरवाया पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया। पिता का दावा है कि PM रिपोर्ट में अर्जुन के शरीर पर गर्दन, हाथ और पेट सहित कई स्थानों पर कट एवं चोट के निशान दर्ज हैं। आवेदन के साथ PM रिपोर्ट और मृत अवस्था के फोटो भी संलग्न किए गए हैं।

ऑडियो रिकॉर्डिंग का भी किया दावा

राजेश जाटव ने शिकायत में अंकित जाटव पुत्र शिब्बू जाटव निवासी फतेहपुर पर संदेह जताया है। उनका कहना है कि अर्जुन पहले अंकित के साथ ग्वालियर में काम करने गया था। परिवार के अनुसार, घटना से पहले अंकित के घर के आसपास आने-जाने की जानकारी भी मिली थी।

शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि अर्जुन ने घटना से पहले अपने छोटे बेटे अभिषेक गोलिया से फोन पर बातचीत की थी, जिसमें कथित तौर पर उसने अंकित से जान-माल का खतरा होने की बात कही थी। परिवार के पास इस बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग होने का दावा किया गया है, जिसे पुलिस के समक्ष प्रस्तुत करने की बात कही गई है।

‘एक व्यक्ति अकेले हत्या नहीं कर सकता’

पिता ने आरोप लगाया है कि उन्होंने पुलिस को अंकित जाटव का नाम और ऑडियो रिकॉर्डिंग के संबंध में जानकारी दी, लेकिन अभी तक हत्या का प्रकरण दर्ज नहीं किया गया। उन्होंने अंकित से पूछताछ कर उसके संभावित सहयोगियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

परिजनों को धमकाने का भी आरोप

शिकायत में राजेश जाटव ने आरोप लगाया है कि अब अंकित जाटव द्वारा उन्हें और परिवार के सदस्यों को धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने परिवार की जान-माल को खतरा बताते हुए कहा कि यदि उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए अंकित और उसके सहयोगियों को जिम्मेदार माना जाए।

राजेश जाटव ने SP से अर्जुन की मौत की जिला स्तर से निष्पक्ष जांच, हत्या का मामला दर्ज करने तथा परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।


संबंधित खबरें