,

घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की कोशिश का आरोप, चार लोगों के खिलाफ एसपी से शिकायत; कार्रवाई की मांग / Shivpuri News

शिवपुरी। करैरा थाना क्षेत्र के ग्राम दौनी निवासी ऊषा रावत ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर चार लोगों पर घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। शिकायत में विक्रम रावत, दीपक रावत, गोटी रावत और प्रदीप रावत के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता ऊषा रावत के मुताबिक 20 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह अपने ससुर उदयभान रावत के साथ घर पर थी। इसी दौरान आरोपी घर पहुंचे और कथित रूप से शराब के नशे में गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट करने और जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।

ऊषा ने शिकायत में पुरानी रंजिश का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष पहले भी परिवार को धमकाता रहा है। उनका कहना है कि घटना की शिकायत करैरा थाने में की गई, लेकिन उनकी शिकायत के अनुसार एफआईआर दर्ज करने के बजाय एनसीआर दर्ज की गई और अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।

शिकायत में यह भी बताया गया है कि आरोपियों के खिलाफ पूर्व में 26 अगस्त 2026 को एफआईआर दर्ज कराई गई थी। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी राजीनामा करने का दबाव बना रहे हैं। ऊषा ने घटना का वीडियो मोबाइल में होने की बात भी कही है।

पीड़िता ने एसपी से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने, गिरफ्तारी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।


संबंधित खबरें