शिवपुरी। कालीमाता मंदिर के पास फिजिकल रोड निवासी विशाल धानुक ने पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर एक पुलिसकर्मी पर मकान की कलर-पुट्टी का काम कराने के बाद कथित रूप से 70 हजार का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने अप्रैल 2026 में पुलिसकर्मी धर्मसिंह यादव के मकान में कलर-पुट्टी का ठेका लिया था और पूरा काम समय पर कर दिया।
विशाल का आरोप है कि काम के बदले उसे 27 हजार का भुगतान किया गया, जबकि 70 हजार की राशि अब भी बकाया है। शिकायत के अनुसार वह करीब पांच महीने से भुगतान के लिए चक्कर लगा रहा है, लेकिन उसे बार-बार आज-कल कहकर टाल दिया गया। 19 सितंबर को दोबारा पैसे मांगने पहुंचने पर कथित तौर पर भुगतान करने से मना कर दिया गया।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उसे अपने साथ काम करने वाले मजदूरों का हिसाब भी करना है और मजदूरों द्वारा भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा है। विशाल ने एसपी से मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने और बकाया राशि दिलाने की मांग की है।




