,

सुनाज, करमई, टीला और कमालपुर में अवैध शराब के खिलाफ आदिवासी ग्रामीणों ने खोला मोर्चा / Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम सुनाज, करमई, टीला और कमालपुर के आदिवासी महिला-पुरुषों ने गांवों में कथित अवैध कच्ची और पक्की शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांवों में शराब आसानी से उपलब्ध होने के कारण परिवारों पर बुरा असर पड़ रहा है और बच्चे भी नशे की ओर बढ़ रहे हैं।

आवेदन में महिलाओं ने बताया कि शराब के कारण घरों की आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। मजदूरी की कमाई शराब में खर्च होने के साथ ही गाली-गलौज, घरेलू विवाद और महिलाओं की प्रताड़ना की स्थिति बन रही है। इसका बच्चों की पढ़ाई और भविष्य पर भी असर पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम बनाकर गांवों में तत्काल कार्रवाई, अवैध शराब बनाने और बेचने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई तथा शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखने की मांग की है। ग्रामीणों ने कहा कि “हम शराब नहीं, अपने बच्चों के हाथ में किताब चाहते हैं।”


संबंधित खबरें