,

बस की टक्कर से स्कूटी सवार सौम्या घायल, चालक बस लेकर फरार / Shivpuri News

शिवपुरी। शहर के फतेहपुर क्षेत्र में श्रीराम टॉकीज के सामने तेज रफ्तार बस ने इलेक्ट्रिक स्कूटी सवार युवती को टक्कर मार दी। हादसे में युवती सड़क पर गिरकर घायल हो गई। उसके पैर में चोट लगने से खून निकलने लगा। घायल को जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई रिपोर्ट में फरियादी विकास राठौर पुत्र मुकेश राठौर उम्र 22 वर्ष निवासी गणेश कॉलोनी फतेहपुर ने बताया कि 13 सितंबर 2026 की शाम करीब 7:30 बजे वह श्रीराम टॉकीज के सामने अपने दोस्त की दुकान के बाहर खड़ा था। इसी दौरान उसके मोहल्ले की रहने वाली सौम्या नामदेव इलेक्ट्रिक स्कूटी से गणेश कॉलोनी से झांसी तिराहा की ओर जा रही थी। जैसे ही वह श्रीराम टॉकीज के पास पहुंची, तभी फतेहपुर एबी रोड की ओर से आ रही बस क्रमांक MP08ZK9536 के चालक ने तेज व लापरवाही से बस चलाते हुए सौम्या की स्कूटी में साइड से टक्कर मार दी।

टक्कर लगने से सौम्या स्कूटी सहित सड़क पर गिर गई। फरियादी ने मौके पर जाकर देखा तो सौम्या के बाएं पैर की पिंडली में चोट लगने से खून निकल रहा था। वहीं दाहिने पैर के अंगूठे में भी चोट आई थी। युवती ने सिर और पीठ में मूंदी चोट लगने की बात बताई। हादसे के बाद बस चालक बस लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर नरेन्द्र नामदेव भी मौजूद था।

इसके बाद विकास राठौर और नरेन्द्र नामदेव घायल सौम्या को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय शिवपुरी लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया। फरियादी ने नरेन्द्र नामदेव के साथ थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर बस चालक की तलाश और मामले की जांच शुरू कर दी है।


संबंधित खबरें