शिवपुरी। इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम कुटवारा स्थित लाइसेंसी शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जगराम आदिवासी, सिंधू आदिवासी, नबल आदिवासी, कृष्णभान उर्फ टन्टे लोधी, लल्लीराम लोधी, राधाकिशन लोधी, बादाम सिंह लोधी, लोकेन्द्र लोधी, सोनू आदिवासी, बंटी आदिवासी, लक्ष्मन आदिवासी, हरकुंवरबाई आदिवासी और पार्वतीबाई आदिवासी शामिल हैं। सभी आरोपियों को एसडीएम न्यायालय कोलारस में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट बनने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर 2026 को ग्राम कुटवारा की लाइसेंसी शराब दुकान में करीब 20 अज्ञात महिला-पुरुषों के घुसकर तोड़फोड़ करने और दुकान को नुकसान पहुंचाने की घटना सामने आई थी। मामले में थाना इंदार में अपराध क्रमांक 157/26 के तहत धारा 324(5), 333, 296(2) एवं 191(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने तोड़फोड़ में शामिल आरोपियों की पहचान की। इसके बाद 12 सितंबर को ग्राम कुटवारा सहित अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के खिलाफ लोकशांति भंग करने की आशंका को देखते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। सभी को एसडीएम न्यायालय कोलारस में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने के आदेश के बाद उन्हें जेल दाखिल कराया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक विवेक यादव, उनि बबलेश कुमार, सउनि शत्रुघन सिंह भदौरिया सहित थाना इंदार, थाना कोलारस, पुलिस लाइन शिवपुरी के पुलिस बल की विशेष भूमिका रही।




