शिवपुरी। थाना देहात पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे जिलाबदर आरोपी अकरम शाह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल शिवपुरी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी को 18 अगस्त 2026 को जिलाबदर घोषित किया गया था।
पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को लुधावली निवासी 35 वर्षीय आदिवासी महिला ने अपनी नाबालिग बेटी को अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की रिपोर्ट थाना देहात में दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 184/26 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। अगले दिन 26 मई को पुलिस ने नाबालिग को दस्तयाब कर लिया। विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में धारा 64(1) बीएनएस, पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4 तथा एससी-एसटी एक्ट की धाराएं 3(1)(w)(ii) और 3(2)(v) बढ़ाई गईं।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरडी प्रजापति एवं सीएसपी सचिन कुमार धुर्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक विकास यादव और उनकी टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपी अकरम शाह पुत्र अनवर शाह, उम्र 26 वर्ष, निवासी सतनवाड़ा, थाना सतनवाड़ा, जिला शिवपुरी को 11 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका: निरीक्षक विकास यादव, उपनिरीक्षक सपना रावत, प्रधान आरक्षक सतीश चौधरी, प्रधान आरक्षक नाहर सिंह, प्रधान आरक्षक चालक ऋषभ करारे, आरक्षक मिथुन कुशवाह, दिनेश किरार, मनोज गौड़ एवं महिला आरक्षक कीर्ति शर्मा सहित थाना देहात पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





