,

कुटवारा में शराब दुकान पर हमला, महिलाओं-पुरुषों ने पेटियां फोड़ीं; 4 लाख का नुकसान / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र के ग्राम कुटवारा में शराब दुकान का विरोध कर रहे करीब 15-20 महिला-पुरुषों द्वारा दुकान में घुसकर शराब की पेटियां बाहर फेंकने और बोतलें फोड़ने का मामला सामने आया है। शराब दुकान के सेल्समैन बल्लू शिवहरे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एफआईआर के अनुसार घटना 11 सितंबर की शाम करीब 5:30 बजे की बताई गई है। सेल्समैन बल्लू शिवहरे और मनोज शिवहरे शराब दुकान पर बैठे थे, तभी करीब 15-20 महिला-पुरुष लाठी-डंडे लेकर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने दुकान बंद कराने की बात कहते हुए गाली-गलौज की और इसके बाद दुकान के अंदर घुसकर शराब की पेटियां बाहर फेंकना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक प्रदर्शनकारियों ने शराब की कांच की बोतलें जमीन पर पटककर फोड़ दीं। बाहर खड़े कुछ लोग अंदर से और शराब की पेटियां निकालकर फोड़ने के लिए कह रहे थे।

शिकायत में दुकान में करीब 50 पेटी देशी प्लेन, 45 पेटी देशी मलासा, 6 पेटी बीयर, मेकडबल, मैजिक मूमेंट, आईवी, टेगो और गोवा सहित अलग-अलग ब्रांड की शराब रखी होना बताया गया है। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने शराब की पेटियां फोड़कर करीब 4 लाख रुपये की शराब को नुकसान पहुंचाया। घटना का वीडियो भी बनाए जाने की बात शिकायत में कही गई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपीगण के खिलाफ धारा 324(5), 333, 296(2) और 191(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। मामले में पुलिस घटना के वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच कर रही है।


संबंधित खबरें