Press "Enter" to skip to content

अवैध कलारियों के खिलाफ महिलाओं का हल्लाबोल, मनपुरा से भौंती तक पैदल मार्च; थाने के सामने फेंकी शराब, लाठियों से फोड़ी / Shivpuri News

शिवपुरी। भौंती थाना क्षेत्र में कथित अवैध शराब बिक्री के विरोध में महिलाओं ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। दिनेश सगर युवा शक्ति के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं मनपुरा से भौंती थाना तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचीं। महिलाओं ने क्षेत्र में चल रहे कथित अवैध शराब कारोबार पर नाराजगी जताते हुए इसे बंद कराने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने कथित अवैध कलारियों से शराब उठाकर भौंती थाने के सामने पहुंचाई। यहां महिलाओं ने शराब की बोतलों और पैकिटों को सड़क पर फेंक दिया और लाठियों से शराब की बोतलें फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान महिलाओं ने जमकर नारेबाजी भी की। प्रदर्शन के चलते थाने के बाहर कुछ देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

महिलाओं का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध रूप से शराब की बिक्री होने से गांवों के माहौल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने तथा कथित रूप से इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा और स्थिति पर नजर रखी गई। मामले में पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई का इंतजार है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!