शिवपुरी। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने आत्महत्या का प्रयास कर लिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर महिला को बचा लिया। इसके बाद उसे समझाइश देकर शांत कराया गया।
जानकारी के अनुसार, महिला पिछले कई दिनों से अपने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट, रुपये और जेवर हड़पने तथा घर से बेदखल करने के आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग कर रही थी। महिला का आरोप है कि फिजिकल थाना और महिला थाना में शिकायत देने के बावजूद उसकी एफआईआर दर्ज नहीं की गई, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
महिला ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि विवाह के बाद से सास, ननद, ननदोई और देवर द्वारा मायके से रुपये लाने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसके साथ शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना की गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि उसके एक लाख रुपये और सोने-चांदी के जेवर सास ने अपने पास रख लिए हैं और अब उसे पति सहित घर से निकालने की कोशिश की जा रही है।
महिला ने आवेदन में यह भी कहा है कि उसके पति को झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी जा रही है और परिवार की जान को खतरा है। इसी मामले में न्याय नहीं मिलने से आहत होकर उसने एसपी कार्यालय के कंट्रोल रूम में आत्महत्या का प्रयास किया।
घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने महिला को समझाइश दी और उसके आवेदन पर नियमानुसार जांच एवं आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।






Be First to Comment