Press "Enter" to skip to content

चार हत्याओं के गवाह परिवार की सुरक्षा हटने से मचा हड़कंप, एसपी से लगाई जान बचाने की गुहार / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के नरवर थाना क्षेत्र के चर्चित चकरामपुर हत्याकांड के फरियादी ने पुलिस अधीक्षक शिवपुरी को आवेदन देकर स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। फरियादी का आरोप है कि सुरक्षा हटाए जाने के बाद उनकी जान को खतरा बढ़ गया है और मामले के गवाहों पर दबाव बनाया जा सकता है।

जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2023 को चकरामपुर गांव में पुरानी रंजिश के चलते हुए हमले में भोला उर्फ़ योगेंद्र भदौरिया के परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई थी, जबकि कई सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस मामले में नरवर थाने में अपराध क्रमांक 321/23 दर्ज है। फरियादी का कहना है कि कुछ आरोपी जमानत पर बाहर हैं और एक आरोपी अब भी फरार है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि 3 जुलाई 2026 को उन्हें दी गई पुलिस सुरक्षा हटा ली गई, जिससे परिवार भय के माहौल में है। उनका कहना है कि गवाहों और फरियादी पक्ष के साथ किसी भी समय अप्रिय घटना हो सकती है, जिससे न्यायिक प्रक्रिया भी प्रभावित हो सकती है।

आवेदन में मांग की गई है कि पूर्व की तरह पुलिस सुरक्षा तत्काल बहाल की जाए। फरियादी ने चेतावनी दी है कि यदि सुरक्षा नहीं दी गई और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। आवेदन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री, राज्य मानवाधिकार आयोग और जिला मजिस्ट्रेट को भी भेजी गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!