Press "Enter" to skip to content

सीमांकन की अनदेखी बनी विवाद की वजह: सर्वे नंबर 2900/1 पर बने मकान को लेकर चलीं लाठियां, पिता-पुत्र घायल / Shivpuri News

शिवपुरी। जिले के भौंती थाना क्षेत्र के ग्राम इमलिया में सर्वे नंबर 2900/1 पर बने पक्के मकान के सीमांकन को लेकर लंबे समय से चला आ रहा विवाद आखिरकार हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट की घटना से पहले एक पक्ष ने प्रशासन से सीमांकन कराने की गुहार लगाई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर विवाद बढ़ता गया और मामला थाने तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम इमलिया निवासी पाना पत्नी अमर सिंह लोधी ने 12 जून 2026 को पिछोर एसडीएम को आवेदन देकर बताया था कि उनके परिवार की भूमि सर्वे नंबर 2900 का सीमांकन तहसीलदार के आदेश के बावजूद पूरा नहीं कराया गया। आवेदन में आरोप लगाया गया कि 10 जून 2026 को राजस्व अमले ने सर्वे नंबर 2900/2 का सीमांकन तो कर दिया, लेकिन सर्वे नंबर 2900/1, जहां उनका पक्का मकान बना हुआ है, उसका सीमांकन नहीं किया गया। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि इसी मकान को हटाने को लेकर पहले भी विवाद और पुलिस प्रकरण हो चुका है। कई बार तहसील और जनसुनवाई में आवेदन देने के बाद भी सीमांकन नहीं कराया गया।

इसी 2900/1 पर बने मकान और सीमांकन के विवाद के बीच 3 जुलाई 2026 की रात करीब 8 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। भौंती थाना में दर्ज एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि भरत लोधी, रामकुमार लोधी, रानी लोधी और पर्वत लोधी सीमांकन और मकान को लेकर विवाद करते हुए पहुंचे। कहासुनी के बाद आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

भौंती थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विवाद की जड़ सर्वे नंबर 2900/1 पर बने पक्के मकान के सीमांकन को लेकर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!