शिवपुरी। जिले में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नरवर तहसील के ग्राम टुकी में छह स्थानों से करीब 400 ट्रॉली अवैध रेत जब्त की है। कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की।
प्रशासन को सूचना मिली थी कि सिंध नदी से अवैध रूप से रेत निकालकर ग्राम टुकी में बड़े पैमाने पर भंडारण किया गया है। जांच के दौरान छह अलग-अलग स्थानों पर रेत का अवैध भंडारण मिला। संबंधित लोगों से रेत भंडारण के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन कोई भी अनुमति या रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका।
इसके बाद प्रशासन ने करीब 400 ट्रॉली रेत जब्त कर रेत के ढेरों का चूने से सीमांकन कराया और आगामी कार्रवाई तक जब्त रेत को संबंधित ग्राम के कोटवार की सुपुर्दगी में सौंप दिया। मामले की विस्तृत रिपोर्ट वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला खनिज अधिकारी शिवपुरी को भेज दी गई है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने बताया कि जिले में 1 अक्टूबर 2026 तक रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। अवैध उत्खनन और भंडारण की शिकायतों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है तथा प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







Be First to Comment