Press "Enter" to skip to content

गाय को लेकर छिड़ा संग्राम, मालिकाना हक के विवाद में तीन घायल,  गाय ले जाने पहुंचे दूसरे पक्ष पर मारपीट का आरोप / Shivpuri News

शिवपुरी। देहात थाना क्षेत्र के ग्राम हातौद में गाय के मालिकाना हक को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की ओर से भी एनसीआर दर्ज कराई गई है।

फरियादी इन्द्रजीत सिंह सरदार (58) निवासी ग्राम हातौद ने पुलिस को बताया कि पिछले पांच वर्षों से एक देशी गाय उनके पास है। गुरुवार शाम वह अपने भाई परमजीत सिंह के साथ घर के बाहर खड़े थे। तभी ग्राम गांगोली निवासी लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर समेत अन्य लोग पहुंचे और गाय को अपना बताते हुए उसे ले जाने लगे।

इन्द्रजीत के अनुसार जब उन्होंने गाय देने से मना किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने आए परमजीत सिंह को भी पीटा गया। शोर सुनकर पहुंचीं परबिन्दर कौर सहित परिवार की महिलाओं के साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

देहात थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर लक्ष्मण सिंह गुर्जर, पप्पू गुर्जर, जण्डेल सिंह गुर्जर, गोपाल गुर्जर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी एनसीआर दर्ज कराई गई है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!