शिवपुरी जिले के पिछोर नगर के काली पहाड़ी गांव की निवासी सिवनी जाटव (25) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गुरुवार को पिछोर थाने के सामने तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। मृतिका सात माह की गर्भवती थी। उसकी मौत से आक्रोशित मायके पक्ष के लोगों ने थाने के सामने जाम लगाकर प्रदर्शन किया और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार सिवनी जाटव की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी में जहरीले पदार्थ के सेवन की बात सामने आई है, हालांकि परिजन इसे संदिग्ध मानते हुए जहर दिए जाने की आशंका जता रहे हैं।
मृतिका के मायके पक्ष का आरोप है कि सिवनी की मौत सामान्य नहीं है और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में परिजन और ग्रामीण पिछोर थाने पहुंचे तथा सड़क पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जाम के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।








Be First to Comment