शिवपुरी। जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतका की मां की शिकायत पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने छात्रा को मानसिक रूप से प्रताड़ित किए जाने और हत्या की आशंका जताई है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पनिहारी निवासी 17 वर्षीय शिल्पी लोधी पिछोर में रहकर 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। वह तहसील मोहल्ला में किराए के कमरे में रहती थी। बुधवार रात उसका शव कमरे में फांसी के फंदे पर लटका मिला था। गुरुवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
मृतका की मां अंगूरी बाई लोधी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से कुछ घंटे पहले शिल्पी ने उन्हें फोन कर बताया था कि रामवीर लोधी, सत्यम लोधी, राहुल लोधी और सतीश लोधी लाइब्रेरी पहुंचे थे। आरोप है कि चारों ने उसे धमकाया, उसका मोबाइल छीन लिया और सिम कार्ड तोड़ दिया। साथ ही लंबे समय से उसे परेशान कर रहे थे।
परिजनों के अनुसार शाम के समय एक परिचित व्यक्ति ने शिल्पी को दो अन्य लोगों के साथ अपाचे बाइक पर जाते हुए भी देखा था। मां का आरोप है कि चारों युवकों की प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि कहीं उनकी बेटी की हत्या कर शव को फांसी पर तो नहीं लटकाया गया।
पिछोर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 107 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







Be First to Comment