Press "Enter" to skip to content

सूना मकान बना निशाना: पार्षद के घर से तिजोरी, जेवर और बाइक ले उड़े चोर / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के पोहरी कस्बे में नगर परिषद के एक पार्षद के घर में लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बदमाशों ने सूने मकान का ताला और कुंडी काटकर घर में प्रवेश किया तथा सोने-चांदी के जेवर, कीमती सामान, करीब तीन क्विंटल वजनी लोहे की तिजोरी और एक पल्सर मोटरसाइकिल चोरी कर ली।

जानकारी के अनुसार, फरियादी अनुज शर्मा ने पुलिस को बताया कि उनके छोटे भाई नीतू शर्मा 13 जून से परिवार सहित बाहर गए हुए थे, जिससे मकान में ताला लगा हुआ था। गुरुवार सुबह चचेरे भाई हर्ष शर्मा ने फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा कि मकान के ताले टूटे हुए थे, अलमारियां खुली पड़ी थीं और पूरा सामान अस्त-व्यस्त था। घर में रखी भारी-भरकम लोहे की तिजोरी भी गायब थी। इसके अलावा एमपी-33 एचबी-6543 नंबर की पल्सर बाइक भी चोर ले गए।

घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में 5 से 6 बदमाश दो मोटरसाइकिलों से आते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही पोहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वाड व फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम की मदद से जांच शुरू की।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। चोरी गए जेवरों और अन्य सामान की सही कीमत नीतू शर्मा के वापस आने के बाद स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!