Press "Enter" to skip to content

“पटवारी जी, आप कहां हो?”… जवाब सुनते ही SDM का एक्शन, वेतन राजसात और नोटिस जारी / Shivpuri News

कोलारस। शासकीय कार्यों में लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। जनसुनवाई के दौरान एक पटवारी का बिना सूचना मुख्यालय से अनुपस्थित होना सामने आने पर एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका एक दिन का वेतन राजसात करने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम सिमलयाई निवासी बबलेश लोधी ने सीमांकन प्रकरण लंबित होने की शिकायत एसडीएम के समक्ष रखी। मामले की जानकारी लेने के लिए एसडीएम ने संबंधित हल्का पटवारी नंदकिशोर धाकड़ को फोन लगाया। बातचीत के दौरान पटवारी ने बताया कि वह एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुना गया हुआ है।

जब एसडीएम ने पूछा कि क्या अवकाश स्वीकृत कराया गया था, तो पटवारी ने स्वीकार किया कि वह बिना अनुमति के ही मुख्यालय छोड़कर चला गया था। यह सुनते ही एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब फील्ड में उपस्थित रहने के स्पष्ट निर्देश हैं तो बिना सूचना अनुपस्थित रहना गंभीर लापरवाही है।

एसडीएम ने तत्काल रन्नौद तहसीलदार को निर्देशित किया कि पीड़ित ग्रामीण की समस्या का शीघ्र निराकरण कराया जाए। साथ ही पटवारी का एक दिन का वेतन राजसात करने और सर्विस ब्रेक संबंधी प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को राजस्व अमले की मुख्यालय पर उपस्थिति और जनसुनवाई अनिवार्य है। आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!