Press "Enter" to skip to content

अनंतपुर प्रतिमा विवाद में नया मोड़: ग्रामीण पहुंचे एसडीएम के पास, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी / Shivpuri News

शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के लुकवासा चौकी अंतर्गत के ग्राम अनंतपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापना को लेकर शुरू हुआ विवाद अब नए चरण में पहुंच गया है। प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि से प्रतिमा हटाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद अब गांव और आसपास के क्षेत्रों के ग्रामीण खुलकर सामने आ गए हैं। शनिवार को अनंतपुर एवं आसपास के करीब 200 से अधिक ग्रामीणों ने एसडीएम कोलारस को ज्ञापन सौंपकर गांव का माहौल खराब करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि बिना अनुमति शासकीय भूमि पर प्रतिमा स्थापित कर गांव के सौहार्द और सामाजिक समरसता को प्रभावित करने का प्रयास किया गया है। ज्ञापन में मांग की गई है कि मामले में दोषी लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने उचित कदम नहीं उठाए तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

गौरतलब है कि ग्राम अनंतपुर में शासकीय भूमि पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा रखे जाने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद बना हुआ है। प्रशासन के अनुसार संबंधित भूमि शासकीय है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये है। पहले 19 मई की रात प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसे प्रशासन ने हटाकर सुरक्षित रख लिया था। इसके बाद 18 जून की रात दोबारा उसी स्थान पर प्रतिमा रख दी गई, जिसके बाद प्रशासन ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जा मुक्त कराया।

कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने और पत्थर फेंकने के प्रयास की भी जानकारी सामने आई थी, हालांकि पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया था। मौके पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

इस बीच एसडीएम कोलारस ने स्पष्ट कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन निष्पक्ष रूप से कार्य कर रहा है और कोई भी व्यक्ति कानून को हाथ में लेगा तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!