खनियांधाना। क्षेत्र में अवैध शराब की तस्करी और परिवहन के खिलाफ खनियांधाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 पेटी अवैध प्लेन शराब और एक स्विफ्ट कार जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, खनियांधाना पुलिस रात्रि गश्त के दौरान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में भारी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केदार सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पनिहारा तिराहे पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए अनुसार एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने रोक लिया। तलाशी लेने पर कार से 9 पेटी अवैध प्लेन शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा करीब 81 लीटर बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपना नाम संजीव लोधी पुत्र सीताराम लोधी उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम खेरवास थाना पिछोर बताया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी शराब को ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से ले जा रहा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि शराब कहाँ से लाई गई थी और इसकी सप्लाई कहाँ की जानी थी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।









Be First to Comment