शिवपुरी: जिले के सुरवाया गांव से लाई गई एक प्रसूता की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। महिला के साथ उसके पेट में पल रहे शिशु की भी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के मुताबिक सुरवाया गांव निवासी 20 वर्षीय लली आदिवासी पत्नी आकाश आदिवासी को शुक्रवार शाम करीब 5 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजन सुरवाया के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इस दौरान आशा कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद थी। बताया जा रहा है कि प्राथमिक उपचार के बाद करीब दो घंटे तक महिला को वहीं रखा गया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से रात करीब 8 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक प्रसूता की मौत हो चुकी थी। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गर्भ में पल रहे शिशु की भी जान नहीं बच सकी।
घटना के बाद परिजनों में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर आज शनिवार की दोपहर 12 बजे शव का पोस्टमार्डम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।







Be First to Comment