Press "Enter" to skip to content

शिवपुरी में सड़क हादसे में पिता ने मौके पर तो पुत्र ने मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम, बेटे की आज थी 10वीं की परीक्षा / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में 45 वर्षीय इमरत जाटव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे रूपेश जाटव ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों बदरवास से तहसील का काम निपटाकर गांव बिजरोनी लौट रहे थे, तभी बदरवास बायपास पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बदरवास पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर इमरत जाटव अपनी पत्नी कृष्णा जाटव और बेटे रूपेश के साथ बाइक से बदरवास से वापस गांव बिजरोनी जा रहे थे। बदरवास बायपास पर सामने से आए एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे और वाहन चालक मौके से फरार हो गया।


हादसे में 45 वर्षीय इमरत जाटव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया।

हादसे में 16 वर्षीय रूपेश जाटव गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे शिवपुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। मंगलवार को ही रूपेश का पोस्टमार्टम कराया गया। बताया जा रहा है कि वह कक्षा 10वीं का छात्र था और अगले ही दिन उसकी परीक्षा थी।

इमरत जाटव के परिवार में पत्नी कृष्णा जाटव और दो बेटे थे। रूपेश की मौत के बाद परिवार में अब एक छोटा भाई ही बचा है। पिता-पुत्र की एक साथ मौत से ग्राम बिजरोनी में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद बताया है।

बदरवास थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और वाहन की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!