Press "Enter" to skip to content

जीएमसी शिवपुरी में यूनिसिस्टिक अमेलोब्लास्टोमा का सफल ऑपरेशन, दंत एवं ईएनटी विभाग की संयुक्त उपलब्धि / Shivpuri News

शिवपुरी: शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय (जीएमसी) शिवपुरी में जबड़े के दुर्लभ ट्यूमर यूनिसिस्टिक अमेलोब्लास्टोमा का सफलतापूर्वक ऑपरेशन कर एक महत्वपूर्ण चिकित्सकीय उपलब्धि हासिल की गई। यह जटिल शल्य चिकित्सा दंत विभाग एवं ईएनटी विभाग के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुई।

रोगी को लंबे समय से जबड़े में सूजन, दर्द एवं चेहरे के आकार में परिवर्तन की शिकायत थी। विस्तृत परीक्षण एवं रेडियोलॉजिकल जांच के पश्चात यूनिसिस्टिक अमेलोब्लास्टोमा का निदान किया गया। यह ट्यूमर सामान्यतः सौम्य (बेनाइन) होता है, किंतु समय पर उपचार न होने पर यह आसपास की हड्डियों को क्षति पहुंचा सकता है। इस जटिल ऑपरेशन का नेतृत्व दंत विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. मोहित शर्मा एवं ईएनटी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. मेघा प्रभाकर द्वारा किया गया।

ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र त्रिपाठी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से तथा टीम सदस्य डॉ. मीनाक्षी के महत्वपूर्ण योगदान के साथ शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न की गई। सामान्य एनेस्थीसिया के अंतर्गत ट्यूमर को सावधानीपूर्वक निकालते हुए आसपास की महत्वपूर्ण संरचनाओं को सुरक्षित रखा गया।

ऑपरेशन पूर्णतः सफल रहा तथा मरीज की वर्तमान स्थिति संतोषजनक है। मरीज को नियमित फॉलो-अप में रखा गया है।

डीन डॉ. डी. परमहंस ने बताया कि विभागों के बेहतर समन्वय एवं टीमवर्क के कारण अब जटिल शल्य प्रक्रियाएं जीएमसी शिवपुरी में ही सफलतापूर्वक की जा रही हैं, जिससे मरीजों को बड़े शहरों में रेफर करने की आवश्यकता कम हो रही है।

यह सफलता जीएमसी शिवपुरी की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!