शिवपुरी: जिले के बामोरकला थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान राजेश पाल और संकेत वंशकर के रूप में हुई है, दोनों खनियाधाना थाना क्षेत्र के ग्राम सिलपुरा के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से कहीं जा रहे थे, इसी दौरान अज्ञात वाहन की टक्कर से उनका संतुलन बिगड़ गया और वे सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस को घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक संदिग्ध ट्रैक्टर मिला है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रैक्टर की टक्कर से यह हादसा हुआ है। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ट्रैक्टर किसका है और हादसे के समय कौन चालक था, इसकी जांच की जा रही है।
बामोरकला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।








Be First to Comment