शिवपुरी: शहर में एक बड़ा हादसा टल गया, जब मक्का से भरा एक ट्रक बिना ड्राइवर के ही ढलान से नीचे की ओर चल पड़ा और बेकाबू होकर पलट गया। यह घटना देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह के पास स्थित ओम हॉस्पिटल के सामने रविवार रात को हुई।
जानकारी के अनुसार, ट्रक महाराष्ट्र से मक्का लेकर आगरा की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक ने ट्रक को ढलान पर खड़ा कर दिया था, लेकिन सुरक्षा के लिए न तो हैंड ब्रेक लगाया गया और न ही पहियों के नीचे कोई सपोर्ट रखा गया।
इसी लापरवाही के चलते ट्रक अपने आप चलने लगा और ढलान से नीचे उतरते हुए सड़क किनारे बनी नाली की पुलिया से टकराकर पलट गया। हादसे का लाइव सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि ट्रक कई मीटर तक पीछे की ओर लुढ़कता हुआ जाता है और फिर पलट जाता है। वीडियो में एक बाइक सवार भी नजर आ रहा है, जो कुछ ही सेकंड के अंतर से ट्रक की चपेट में आने से बाल-बाल बच जाता है।
गनीमत यह रही कि हादसे के समय ट्रक के आसपास कोई अन्य व्यक्ति या पशु मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानमाल का नुकसान टल गया। यदि ट्रक की चपेट में कोई आ जाता, तो गंभीर जनहानि हो सकती थी।
इस दुर्घटना में ट्रक को भारी नुकसान पहुंचा है, वहीं ट्रक में भरी मक्का भी नीचे फैल गई। जिससे ट्रक मालिक को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि लापरवाही से वाहन खड़ा करने के मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।








Be First to Comment