शिवपुरी: जिले के पोहरी थाना क्षेत्र के कनाखेड़ी गांव में चुगली को लेकर पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कुल्हाड़ी और लाठियां चलीं, जिसमें कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कनाखेड़ी गांव निवासी नब्बो बाई जाटव ने पड़ोसी अर्जुन जाटव से उसके पिता सेवाराम जाटव को चुगली न करने की नसीहत देने की बात कही थी। इसी बात से नाराज होकर अर्जुन जाटव अपने खेत पर गया और पिता सेवाराम जाटव को साथ लेकर लौट आया। उस समय नब्बो बाई अपने पति अल्माराम जाटव और दोनों बेटों रौशन जाटव व अमर सिंह जाटव के साथ घर के बाहर खड़ी थीं।
बताया जा रहा है कि जब सेवाराम जाटव ने चुगली करने वाले व्यक्ति को सामने लाने की बात कही, तो दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर लाठी-डंडों व कुल्हाड़ी से मारपीट शुरू हो गई। झगड़े की सूचना मिलते ही गांव में डायल-112 पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित कराया।
घायलों को पोहरी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अल्माराम जाटव और उनके बेटे रौशन जाटव को जिला अस्पताल रेफर किया गया। अल्माराम जाटव के सिर में 20 टांके और रौशन जाटव के सिर में 16 टांके आए हैं।
पोहरी पुलिस ने अल्माराम जाटव की शिकायत पर सेवाराम जाटव व उनके बेटे अर्जुन जाटव के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं सेवाराम जाटव की शिकायत पर अल्माराम जाटव, रौशन जाटव और अमर सिंह जाटव के खिलाफ भी क्रॉस केस दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।








Be First to Comment