शिवपुरी में सब्जी व्यापार के नाम पर किसानों और थोक व्यापारियों से करीब ढाई करोड़ रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी ने उधारी पर सब्जियां खरीदीं और भुगतान किए बिना फरार हो गया, जिससे लगभग एक सौ किसान और व्यापारी प्रभावित हुए हैं। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पीड़ित किसान देहात थाना पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार, आरोपी फिरासत अली (पिता इलायक अली, उम्र 50 वर्ष, निवासी मोहल्ला खेड़ा बलायकोट शाहबाद, थाना शाहबाद, जिला हरदोई, उत्तर प्रदेश) पिछले कई महीनों से शिवपुरी के सैंया होटल फोर लाइन पर रहकर व्यापार कर रहा था। उसने होटल संचालक मुनीत मित्तल से कमरा और किराया लेकर एग्रीमेंट किया था। यहीं से वह आसपास के किसानों से टमाटर, शिमला मिर्च, हरी मिर्च, प्याज, लहसुन, गाजर, मक्का आदि फसलें फर्जी व्यापारी बनकर खरीदता था।
फिरासत अली स्थानीय किसानों और थोक सब्जी व्यापारियों से बड़ी मात्रा में सब्जियां उधार पर खरीदता और उन्हें बाहर की मंडियों में बेच देता था। शुरुआत में उसने विश्वास बनाने के लिए कुछ किसानों और व्यापारियों के खातों में रकम डाली और कई लोगों को बैंक चेक भी दिए। बाद में उसने अचानक संपर्क बंद कर दिया और करीब ढाई करोड़ रुपए लेकर फरार हो गया।
आरोपी के हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पीड़ित किसान और व्यापारी देहात थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को अपने-अपने बकाया की जानकारी दी।
पुरानी शिवपुरी निवासी थोक सब्जी व्यापारी सत्यम कुशवाह ने बताया कि फिरासत अली उनसे शिमला मिर्च और टमाटर की बड़ी खेप बाहर की मंडियों में ले जाता था। फिरासत पर उनका लगभग 63 लाख रुपए बकाया है।
पूरन सिंह राठौर ने बताया कि उन्होंने टमाटर, लहसुन, प्याज, मिर्ची और आंवला की बड़ी खेप सप्लाई की थी। फिरासत अली पर उनका 20 लाख रुपए बकाया है। सेसई सड़क गांव निवासी कृषि फार्म संचालक सतीश कुशवाह ने बताया कि उन्होंने शिमला टमाटर की बड़ी मात्रा में फसल सप्लाई की थी। उनकी बकाया राशि 8 लाख 60 हजार रुपए है।








Be First to Comment