शिवपुरी: जिले के नरवर थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले मगरौनी में आज शॉर्ट सर्किट के कारण किराने की दुकान में आग लग गई. आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड 2 घंटे लेट पहुंची तो स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया.
जानकारी के अनुसार आज सुबह 9 बजे शॉर्ट सर्किट के कारण कल्लू कुशवाह की किराना एवं नाश्ते की दुकान में आग लग गई. जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने मगरौनी फायर ब्रिगेड को कॉल किया. लेकिन मौके पर फायर ब्रिगेड नहीं पहुंची. इसके बाद नरवर से फायर ब्रिगेड को कॉल किया गया तो 2 घंटे बाद फायर बिग्रेड नरवर से पहुंची. इसके बाद स्थानीय लोगों ने चक्का जाम कर दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि मगरौनी में फायर ब्रिगेड जब से आई है जब से किसी काम की नहीं है. आज की घटना को मिलाकर तीसरी घटना है लेकिन फायर ब्रिगेड नहीं होने के चलते आग की घटना पर काबू नहीं पाया जा सका. मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बताया कि उसने खुद नाली से बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि उसका सामान जलकर खाक हो गया. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद मगरौनी के अध्यक्ष पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं. लोगों का कहना है कि अध्यक्ष कहीं भी नहीं आते हैं आज इतनी बड़ी घटना हो गई और चक्काजाम हो गया लेकिन यहां पर भी अध्यक्ष की मौजूदगी नहीं है.
स्थानीय लोगों की मांग है कि मगरौनी नगर परिषद को फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराई जाए. जिससे आगजनी की घटना को बचाया जा सके. वहीँ दुकानदार का लाखों रुपए का नुकसान बताया जा रहा है.









Be First to Comment