,

दुल्हरा गांव में खेतों को जाने वाला रास्ता बना कीचड़ का दलदल, किसानो को आ रही है परेशानी / Shivpuri News

शिवपुरी: पोहरी जनपद के ग्राम पंचायत दुल्हरा में खेतों तक जाने वाला मुख्य कच्चा रास्ता बारिश के कारण कीचड़ में तब्दील हो गया है। रास्ता अत्यंत खराब हो जाने से किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन फिसलन और कीचड़ के कारण किसानों के वाहन फंस रहे हैं, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा है।

सरपंच दिनेश वर्मा ने अधिकारियों को कराया अवगत

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्राम पंचायत दुल्हरा  के सरपंच दिनेश वर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया है। सरपंच ने बताया कि खेतों तक पहुंचने वाला यह रास्ता गांव के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन लंबे समय से इसकी अनदेखी की जा रही है।

खेत सड़क योजना की फाइल बनाने या मुरम डालने की अनुमति की मांग

सरपंच दिनेश वर्मा ने मांग की है कि या तो खेत सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण की फाइल स्वीकृत की जाए, अथवा पंचायत को अस्थायी रूप से मुरम डालने की अनुमति प्रदान की जाए, जिससे किसानों को राहत मिल सके और आवागमन सुचारू हो सके।

किसानों की आजीविका पर पड़ रहा सीधा असर

ग्रामीण किसानों का कहना है कि खराब रास्ते के कारण खाद, बीज और कृषि उपकरण खेतों तक ले जाना मुश्किल हो गया है। कई बार कीचड़ में वाहन फंसने से अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगामी फसलों पर भी असर पड़ सकता है।

समस्या के शीघ्र समाधान की सरपंच ने लगाई गुहार

सरपंच ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील करते हुए कहा कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लिया जाए। रास्ते की मरम्मत होने से न केवल किसानों को राहत मिलेगी, बल्कि ग्राम पंचायत के विकास को भी गति मिलेगी।