शिवपुरी: पोहरी धामोरा ग्राम में रविवार रात करीब 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। ग्राम निवासी शैतान धाकड़ के निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय वहां काम कर रहा एक मजदूर मलबे में दब गया, जिसे ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मकान निर्माण के दौरान नीचे की बीम कमजोर बनाई गई थी। ठेकेदार और कारीगरों द्वारा निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिससे मकान का हिस्सा भरभराकर गिर गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण मानकों का पालन नहीं किया गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मलबे में दबे मजदूर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपम शर्मा एवं नगर परिषद पोहरी की सीएमओ श्रीमती राधा शर्मा मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने घटना की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं न हों, इसके लिए सतर्कता बरतने की बात कही।
घटना के बाद मकान मालिक शैतान धाकड़ ने शासन-प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। उन्होंने कहा कि हादसे में उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। साथ ही लापरवाह ठेकेदार और कारीगरों पर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
इस हादसे ने ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।








Be First to Comment