,

खेत में काम करते समय किसान परिवार पर मधुमक्खियों का हमला, ग्राम ग्वालीपुरा की घटना, इलाके में मची अफरा-तफरी / Shivpuri News

शिवपुरी: पोहरी अनुविभाग अंतर्गत ग्राम ग्वालीपुरा के मार क्षेत्र में खेत पर काम करते समय एक किसान के पूरे परिवार पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में किसान, उसकी पत्नी और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य किसानों द्वारा घायलों को पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया भर्ती

मिली जानकारी के अनुसार किसान कल्ला पिता परसादी ओझा उम्र 55 वर्ष, उनकी पत्नी रामबाई पति कल्ला ओझा उम्र 50 वर्ष एवं पुत्री अंकिता पिता कल्ला ओझा उम्र 20 वर्ष, तीनों खेत में कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने तीनों पर हमला कर दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।

मधुमक्खियों के हमले से किसान परिवार चीख-पुकार करने लगा। आवाज सुनकर आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और काफी प्रयास के बाद मधुमक्खियों के हमले से उन्हें बचाया। यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना के बाद तीनों घायलों को तत्काल पोहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उनका इलाज किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार मधुमक्खियों के डंक लगने से शरीर पर सूजन और दर्द की शिकायत है, फिलहाल हालत पर नजर रखी जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल है। किसानों का कहना है कि खेतों के आसपास मधुमक्खियों के झुंड सक्रिय हैं, जिससे भविष्य में फिर ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा एवं उचित कार्रवाई की मांग की है।