शिवपुरी: जिले की नगर पंचायत बैराड़ में सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जे के मामले में शुक्रवार को प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की। सीएमओ आवास से लगी सरकारी भूमि पर बने दो अवैध दुकानों को तोड़ दिया गया। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार दुर्गपाल वैश्य, सीएमओ बाबूलाल कुशवाह और थाना प्रभारी सुरेश शर्मा मय दलबल के मौके पर मौजूद रहे और पूरी कार्रवाई की निगरानी की।
कार्रवाई के समय जिस मकान में कर्मचारी संजय गुप्ता रह रहा था, वह अमले को देखकर मौके से भाग गया। मकान में मौजूद महिलाओं और बच्चों ने अंदर से कुंडी लगाकर दरवाजा बंद कर लिया। प्रशासन और पुलिस द्वारा समझाइश देने के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया। तहसीलदार दुर्गपाल वैश्य ने बताया कि उक्त मकान को भी एक-दो दिन के भीतर खाली करा लिया जाएगा।
गौरतलब है कि नगर परिषद के कर्मचारी संजय गुप्ता पर आरोप है कि उसने सीएमओ के लिए निर्धारित सरकारी आवास पर कब्जा कर लिया था और उससे लगी सरकारी भूमि पर दो दुकानों का अवैध निर्माण कर उन्हें किराए पर दे दिया। इनमें से एक दुकान नगर परिषद के पार्षद के पास किराए पर थी, जिसमें 5 लाख रुपये एडवांस और 20 हजार रुपये मासिक किराया तय होना बताया गया था।
न्यायालय द्वारा कर्मचारी संजय गुप्ता का दावा खारिज किए जाने के बाद अब प्रशासन ने अवैध कब्जे हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि शेष मकान को भी शीघ्र खाली कराकर सरकारी संपत्ति को कब्जामुक्त कराया जाएगा।
सीएमओ बाबूलाल कुशवाह ने बताया कि नगर परिषद न्यायालय से मामला जीत चुकी है। अवैध दुकानों को हटाया जा चुका है और बाकी मकान को भी जल्द खाली कराया जाएगा।










Be First to Comment