Press "Enter" to skip to content

पुलिस को देख भागे युवकों में से एक गड्ढे में गिरा, पैर फ्रैक्चर; जिला अस्पताल रेफर / Shivpuri News

शिवपुरी: जिले के बैराड़ कस्बे के बस स्टैंड पर गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस को देख भागे युवकों में से एक युवक गड्ढे में गिर गया। हादसे में युवक का पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया, जिसकी हड्डी बाहर निकल आई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, बैराड़ बस स्टैंड शाम ढलते ही नशेड़ियों का अड्डा बन जाता है। हाल ही में एसपी अमन सिंह राठौड़ द्वारा शाम के समय बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बैराड़ पुलिस गुरुवार देर रात बस स्टैंड पर भ्रमण के दौरान पहुंची थी। पुलिस को देखते ही वहां शराब पी रहे कुछ लोग दौड़ पड़े।

घायल युवक बैराड़ निवासी प्रकाश प्रजापति ने बताया कि वह बस स्टैंड पर कुछ लोगों के साथ खड़ा था। इसी दौरान 3–4 पुलिसकर्मी वहां पहुंचे, जिन्हें देखकर कुछ लोग भागने लगे। प्रकाश का आरोप है कि इसी दौरान एक पुलिसकर्मी ने उसे धक्का मार दिया, जिससे वह गिर पड़ा और उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। गिरने से उसके पैर की हड्डी बाहर निकल आई।

प्रकाश की पत्नी आशा प्रजापति का कहना है कि उनके पति सब्जी लेने बाजार गए थे और शराब नहीं पीते हैं। बावजूद इसके पुलिस द्वारा धक्का दिए जाने से यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि घर में कमाने वाले अकेले उनके पति हैं, और पैर फ्रैक्चर होने से परिवार पर लंबे समय तक आर्थिक संकट गहरा सकता है।

वहीं बैराड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ड्यूटी डॉक्टर ने बताया कि प्रकाश के पैर में गंभीर फ्रैक्चर है और हड्डी बाहर निकल आई थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टर के अनुसार घायल ने शराब का सेवन नहीं किया था।

इस पूरे मामले में बैराड़ थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि पुलिस रोज शाम को पैदल भ्रमण पर निकलती है, क्योंकि बस स्टैंड पर असामाजिक तत्व एकत्रित होने लगते हैं। गुरुवार शाम भी पुलिस बस स्टैंड के भीतर पहुंची थी, जहां कुछ लोग शराब पी रहे थे। पुलिस को देखकर वे भागे, और संभव है कि प्रकाश भागते वक्त गिरकर घायल हुआ हो। पुलिस को घटना की जानकारी रात में मिली थी।

More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »
More from ShivpuriMore posts in Shivpuri »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!