
रियाद। सऊदी अरब के किंग सलमान बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद के बड़े भाई प्रिंस बांदर बिन अब्दुलअजीज अल-सऊद का रविवार को निधन हो गया। वह 96 साल के थे। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से बीमार थे। प्रिंस फैसल बिन तुर्की ने उनके निधन की खबर ट्विटर पर रविवार को शेयर की। शाह परिवार ने कहा कि सोमवार को उनकी आत्मा की शांति के लिए मक्का की ग्रांड मस्जिद में जनाजे की नमाज पढ़ी जाएगी। प्रिंस सऊदी अरब के शाह व्यवस्था के संस्थापक शाह अब्दुलअजीज के सबसे बड़े जीवित बेटे थे।
प्रिंस बांदर सऊदी अरब के संस्थापक और देश के पहले बादशाह किंग अब्दुलअजीज के बेटे थे। शाही अल-सऊद परिवार का हिस्सा होने के बावजूद वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। सऊदी शाही परिवार के हजारों सदस्य हैं, लेकिन सत्ता केवल कुछ के ही हाथ में है। उनके बेटे सऊदी सरकार में अहम पद पर हैं। उनके बेटों में प्रिंस फैजल बिन बांदर रियाद के गर्वनर हैं, जबकि प्रिंस अब्दुल्ला बिन बांदर सऊदी नेशनल गार्ड के प्रमुख हैं।
यूएई के राष्ट्रपति शेख खलीफा ने प्रिंस बांदर की मौत पर दो पवित्र मस्जिदों के कस्टोडियन, किंग सलमान को शोक संवेदना भेजी है। इसके अलावा यूएई के वाइस प्रेसिडेंट और दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद और अबू धाबी के क्राउन प्रिंस व यूएई सशस्त्र बलों के डिप्टी सुप्रीम कमांडर शेख मोहम्मद बिन जायद, शारजाह के शासक शेख डॉ. सुल्तान बिन मुहम्मद अल कासिमी सहित कई बड़े राजनीतिक लोगों ने किंग को शोक के संदेश भेजे हैं।





Be First to Comment