
नई दिल्ली। करीब दो दशक बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस की कमान गांधी परिवार के हाथ से छूटेगी। कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक पार्टी मुख्यालय में खत्म हो गई है और इसके बाद सभी नेता बाहर आ गए हैं। हालांकि, फिलहाल नाम तय नहीं हुआ है और वर्किंग कमेटी एक बार फिर से रात 8 बजे बैठक करेगी।
बैठक से निकले कांग्रेस नेता आधिर रंजन चौधरी ने कहा है कि हम रात को फिर बैठक करेंगे और संभवतः पार्टी के नए अध्यक्ष का नाम रात 9 बजे तक तय हो जाएगा। इससे पहले बैठक में इसमें फैसला हुआ कि पार्टी अध्यक्ष चुनने के लिए पांच समूह बनेंगे। जहां इसे लेकर बैठक हो रही थी वहीं वहीं सोनिया गांधी और राहुल गांधी बैठक से बाहर आ गए।
इस पर जब मीडिया ने सोनिया गांधी से बात की तो उन्होंने कहा कि वो बैठक से बाहर क्यों आए तो उन्होंने कहा कि बैठक में नए अध्यक्ष को लेकर चर्चा हो रही है और हम इसमें शामिल नहीं होगी। संभवतः पार्टी आज अपना अंतरिम अध्यक्ष चुन ले। अंतरिम अध्यक्ष की बात करें तो इस रेस में फिलहाल पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।
हालांकि, वरिष्ठ नेताओं में मल्लिकार्जुन खड़गे के अलावा पूर्व गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा के नाम भी संभावितों में हैं। ये सभी नेता अनुसूचित जाति से हैं।
युवा दावेदारों की बात करें तो इनमें राजस्थान के उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट का नाम है वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अनुच्छेद 370 पर पार्टी लाइन की मुखालफत कर खुद को दौड़ से बाहर कर लिया है।
दो दशक बाद गैर गांधी के हाथ होगी कांग्रेस की कमान
सीताराम केसरी को हटाए जाने के बाद मार्च 1998 में सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष की कमान संभाली थी और दिसंबर 2017 तक करीब 20 वर्षों तक पार्टी की कमान उनके हाथ में रही। जबकि राहुल गांधी का कार्यकाल महज 20 महीने का ही रहा है। अगर गांधी परिवार से बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष चुना गया तो दो दशक बाद किसी गैर गांधी के हाथ में फिर कांग्रेस की कमान होगी।
दरअसल, पार्टी के हाशिए पर चले जाने के बाद भी गांधी परिवार से बाहर के नेतृत्व को स्वीकार करने को लेकर नेताओं में सहजता नहीं दिख रही। इसीलिए पहले राहुल गांधी पर इस्तीफा वापस लेने का दबाव डाला गया। मगर जब वह नहीं माने और इस्तीफे की चिठ्ठी डेढ़ महीने पहले सार्वजिनक कर दी तो फिर कांग्रेस के कई नेताओं ने प्रियंका गांधी वाड्रा को अध्यक्ष बनाने की वकालत शुरू कर दी। हालांकि गांधी परिवार से बाहर के चेहरे को ही कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाने के राहुल गांधी के अडिग रुख को देखते हुए प्रियंका फिलहाल दौड़ में नहीं हैं। ऐसे में यह तय है कि गांधी परिवार से बाहर का कोई नेता ही कांग्रेस का अध्यक्ष होगा।





Be First to Comment