Press "Enter" to skip to content

हिरासत में मौत , 9 पुलिसकर्मी निलंबित ! National News

Ambikapur News : हिरासत में मौत , 9 पुलिसकर्मी निलंबित
अंबिकापुर । सूरजपुर जिले के चंदौरा थाने में हिरासत में लिए गए युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए सूरजपुर एसपी जीएस जायसवाल ने चंदौरा थाने के प्रभारी थाना प्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। घटना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। एसडीओपी व एसडीएम चंदौरा थाने पहुंच चुके हैं। एसपी भी सूरजपुर से चंदौरा थाने के लिए रवाना हो चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोदौरा निवासी कृष्णा 35 वर्ष का विवाह चंदौरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोमहत में हुआ था। पिछले 1 वर्ष से उसकी पत्नी सुघरमनी मायके में ही निवास कर रही थी। इसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। कोदौरा से कृष्णा ससुराल ग्राम डोमहत पहुंचा था।

यहां फिर पति -पत्नी को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि मृतक कृष्णा के ससुर प्रकाश सारथी ने उसके खिलाफ चंदौरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार की सुबह लगभग 9 बजे चंदौरा थाने से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने उसे ससुराल से उठा लिया और सीधे थाने ले गए। आरोप है कि उसके साथ मारपीट की गई और लॉकअप में बंद कर दिया गया।
घटना के वक्त चंदौरा थाने के लॉकअप में दूसरा कोई आरोपी बंद नहीं था। थोड़ी देर बाद प्रभारी थाना प्रभारी एएसआई रामदास सिंह कुछ पुलिसकर्मियों को लेकर पेट्रोलिंग के लिए रवाना हो गए थे। इसी बीच कृष्णा ने चादर को फाड़कर लाकअप की रेलिंग में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।

जब उसकी मौत हो गई तब पुलिसकर्मियों की नजर उस पर पड़ी। घटना की खबर लगते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। कुछ पुलिसकर्मी थाने से भी निकल गए थे। बाद में एसडीओपी व एसडीएम के पहुंचने पश्चात थाना का सारा स्टाफ मौके पर पहुंचा।
सूरजपुर एसपी जीएस जायसवाल ने बताया कि जिस चादर से युवक ने फांसी लगाई वह चादर थाने से ही दी गई थी। यह प्रावधान के अनुरूप है। मोटी चादर को युवक ने फाड़कर फंदा बनाया और फांसी लगा खुदकुशी की है। उन्होंने बताया कि मृतक के खिलाफ धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करने की तैयारी चल रही थी।

उन्होंने बताया कि पति पत्नी के विवाद की शिकायत पर उसे थाना लाया गया था। प्रथम दृष्टया मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी थाना प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक रामदास सिंह सहित 9 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है, वे भी चंदौरा के लिए रवाना हो चुके हैं। घटनास्थल पहुंचने के बाद मामले को लेकर और सारी वस्तु स्थिति स्पष्ट होगी।
विदित हो कि अंबिकापुर बनारस मुख्य मार्ग में चंदौरा थाना स्थित है। कुछ दिनों पहले हाईवे पर अवैध उगाही की शिकायत पर यहां के प्रभारी निरीक्षक को पुलिस अधीक्षक ने निलंबित कर दिया था। वर्तमान में जिसे थाना प्रभारी का चार्ज दिया गया है वे भी हाई कोर्ट गए हुए हैं। उनकी अनुपस्थिति में एएसआई ही थाने का प्रभार संभाल रहे थे।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!