जयपुर

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेलवे की करीब 85 हजार करोड़ रुपए की रेल परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही देश के कई शहरों से वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
पीएम मोदी ने अहमदाबाद से इन योजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान रेलवे के 750 स्टेशनों से वीसी के जरिए अनेक जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी कार्यक्रम से जुड़े। राजस्थान में जयपुर मंडल के 15 रेलवे स्टेशनों पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा- आज का यह कार्यक्रम इतिहास में पहली बार हो रहा है। एक साथ 700 जगह से लोग इस कार्यक्रम के जरिए जुड़ रहे हैं। पिछले 100 साल में ऐसा कभी नहीं हुआ। मैं इन परियोजनाओं के लिए देश को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा- 2014 से पहले रेल मंत्री का फोकस केवल अपने-अपने एरिया के स्टेशन पर ट्रेनों के स्टॉपेज और ट्रेनों में डिब्बे बढ़ाने पर रहता था। वर्तमान में रेलवे विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है। हमने अलग रेलवे बजट की व्यवस्था को समाप्त कर इसे केंद्रीय बजट में शामिल किया, ताकि सरकारी पैसे का इस्तेमाल रेलवे के विकास में किया जा सके।
जयपुर में आयोजित कार्यक्रम में जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा और नगर निगम हेरिटेज मेयर मुनेश गुर्जर शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार राष्ट्र निर्माण के अपने मिशन के तहत विकास कार्य करती है, न कि चुनाव जीतने के लिए ऐसा करती है। पीएम ने बताया कि अब तक 350 आस्था रेलगाड़ियों से 4.5 लाख लोग अयोध्या जा चुके हैं। हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमारे युवाओं को वह कष्ट न सहना पड़े जो उनकी पिछली पीढ़ियों को झेलना पड़ा। यह मोदी की गारंटी है।
प्रधानमंत्री ने कहा- मैंने मेरा पूरा बचपन रेलवे स्टेशन की पटरियों पर गुजारा है। मेरे से बेहतर रेलवे की स्थिति को कोई नहीं समझ सकता। हमने नरक में पड़े रेलवे को विकास की पटरी पर लाने का काम किया है। मोदी ने कहा- आने वाले 5 साल में रेलवे जिस तरीके से तरक्की करेगा, उसे पूरा विश्व देखेगा। इन सबका गवाह हमारे देश के युवा बनेंगे। प्रधानमंत्री ने जयपुर से जाने वाली दिल्ली सराय रोहिल्ला का जिक्र करते हुए कहा यह ट्रेन अब चंडीगढ़ तक जाएगी।
डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन से उद्योग जगत को फायदा
पीएम मोदी देशभर में सैकड़ों डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे। राजस्थान को भी इसमें 8 डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन मिले। उत्तर-पश्चिम रेलवे जोन के हिस्से 9 डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर स्टेशन आएंगे। इन स्टेशनों में न्यू रेवाड़ी, न्यू किशनगढ़, न्यू श्रीमाधोपुर, न्यू फुलेरा, न्यू भागेगा, न्यू साखुन, न्यू पचार मलिकपुर, न्यू डाबला और न्यू अटेली रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
इन स्टेशनों के शुरू होने से प्रदेश के उद्योग जगत को सीधा फायदा मिलेगा। इन स्टेशनों पर केवल माल की लोडिंग और अनलोडिंग होगी। यहां से केवल मालगाड़ियों का ही संचालन होगा। इन स्टेशनों पर पैसेंजर ट्रेनें नहीं रुकेगी। अभी तक पैसेंजर और सामान के लिए एक ही स्टेशन हुआ करते थे।
एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल का भी लोकार्पण
पीएम मोदी लोकल फॉर वोकल को प्रमोट करने के लिए भी ‘एक स्टेशन, एक उत्पाद स्टॉल’ का लोकार्पण किया। राजस्थान के जयपुर, अलवर, दौसा और रींगस रेलवे स्टेशन पर इन स्टॉल्स का लोकार्पण किया। इस योजना के तहत उस क्षेत्र की विशेष वस्तु की स्टॉल रेलवे स्टेशन पर लगाई जाएगी, जिससे उस क्षेत्र की लोकल प्रोडक्ट का प्रमोशन भी हो सके। वहीं रेलवे स्टेशन पर ही लोगों को आसानी से उस क्षेत्र की प्रसिद्ध वस्तु मिल सकें।
एक स्टेशन एक उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए जयपुर स्टेशन पर सांगानेरी प्रिंट का स्टॉल शुरू किया गया है। जयपुर शहर सांसद, सिविल लाइंस विधायक और हेरिटेज मेयर ने स्टॉल पर प्रोडक्ट देखे।
एक स्टेशन एक उत्पाद की योजना से लोकल प्रोडक्ट को मिलेगा बढ़ावा
जयपुर शहर सांसद रामचरण बोहरा ने कहा- पिछले कुछ सालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के नेतृत्व में जयपुर में रेलवे का अभूतपूर्व विकास हुआ है। जयपुर को दो-दो वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिली है। एक स्टेशन एक उत्पाद को बढ़ावा देने के लिए सांगानेरी प्रिंट के स्टॉल का जयपुर स्टेशन पर लोकार्पण किया गया। इस कदम से सांगानेर ही नहीं बल्कि जयपुर के हर लोकल प्रोडक्ट को बढ़ावा मिलेगा। जयपुर जंक्शन पर सांगानेरी हैंडब्लॉक प्रिंट के प्रोडक्ट्स बिक सकेंगे, जिनमें बेडशीट, दोहर रजाई, कुर्ती, साड़ी, लेडीज सूट, मेंस शर्ट भी मिल सकेंगे।
सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरीके से रेलवे में डेवलपमेंट का काम करवाया है। इससे हमारा देश स्विट्जरलैंड से भी अधिक तेजी से तरक्की कर रहा है। हेरिटेज निगम की महापौर मुनेश गुर्जर ने कहा- जयपुर की न केवल सांगानेरी हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग बल्कि यहां की मिठाइयां भी काफी फेमस है। जल्द ही ये मिठाइयों के भी जयपुर जंक्शन की स्टॉल्स पर देखने को मिलेगा।
अजमेर-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन अब चंडीगढ़ तक चलेगी
रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा के लिए अजमेर-दिल्ली सराय-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (बुधवार को छोड़कर) को 14 मार्च से चंडीगढ़ तक विस्तार किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस ट्रेन के साथ 10 और नई वंदे भारत ट्रेनों के चलाने की घोषणा की। पहले अजमेर-दिल्ली सराय रोहिल्ला वंदे भारत अजमेर से दिल्ली तक ही जाती थी। अब यह ट्रेन चंडीगढ़ तक जाएगी।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन शशि किरण ने बताया- ट्रेन नंबर 20977, अजमेर-चंडीगढ वंदे भारत सुपरफास्ट (बुधवार को छोड़कर) एक्सप्रेस 14 मार्च से अजमेर से सुबह 6.20 बजे रवाना होकर दिल्ली कैंट पर सुबह 11.30 बजे पहुंचेगी और फिर 11.40 बजे प्रस्थान कर 14.45 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 20978, चंडीगढ़-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट (बुधवार को छोड़कर) एक्सप्रेस वापसी में 14 मार्च से चंडीगढ़ से दोपहर 15.15 बजे रवाना होकर दिल्ली कैंट स्टेशन पर शाम 18.23 बजे आएगी। वहां से 18.33 बजे प्रस्थान कर रात 23.55 बजे अजमेर पहुंचेगी।





Be First to Comment