
बिजली नहीं मिलने से गुस्साए लोग , कहा मतदान का करेंगे बहिष्कार
पिछले विधानसभा चुनाव में भी दी थी बहिष्कार की चेतावनी
खम्बे गाढ़कर, केबिल बिछाकर भूला विद्युत विभाग
खनियांधाना। सरकारें भले ही ढिंढोरा पीट रही हो कि हमने गांव-गांव तक बिजली पहुंचा दी है लेकिन हकीकत इसके उलट है । खनियाधाना नगर सीमा में वार्ड क्रमांक 8 नीमतलैया मोहल्ला में आजादी के 72 वर्ष पूर्ण होने के बाद भी पूरे मोहल्ले में विद्युत व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है । इसी के विरोध के चलते सभी मोहल्ला वालों ने पिछले 6 माह पूर्व हुए विधानसभा चुनावों में मतदान के बहिष्कार की घोषणा कर दी थी तथा अपने मोहल्ले में बड़े-बड़े बैनर टांग कर लिख दिया था कि जब तक हमें बिजली नहीं मिलेगी तब तक कोई यहां से मतदान करने नहीं जाएगा जिस का समाचार फैलते ही विद्युत विभाग के अधिकारी हरकत में आए और आनन-फानन में बिजली के खंबे गड़वा दिए तथा 2 माह पूर्व खंभों पर केबिल भी बिछा दी गई और ट्रांसफार्मर भी रख दिया इसके बावजूद आज तक मोहल्ले वासियों को बिजली की केबिल में करंट का इंतजार है । इससे परेशान मोहल्ले के निवासी लालाराम अहिरवार , मुन्नालाल , मेवालाल , हन्नू , गिरवल , शिवदयाल , भूरेलाल , रमेश , जगदीश , रामरती आदि 40 – 50 घरों के लोगों ने आगामी लोकसभा चुनाव में भी मतदान के बहिष्कार की चेतावनी दी है ।
यहां के निवासियों का कहना है कि नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 8 में यह मोहल्ला आता है इसके बाद भी वुधना नहर रोड स्थित रमेश जाटव के घर से शिवदयाल जाटव के घर तक नगर परिषद ने सीसी रोड डाल दी है लेकिन विद्युत पोल सिर्फ आधी दूरी तक ही लगाए गए हैं आधे मोहल्ले में आज ही विद्युत पोल नहीं लगाए गए हैं तथा जो विद्युत पोल आधे मोहल्ले में लगे हैं उन पर भी 2 माह गुजरने के बाद भी करंट नहीं छोड़ा गया है जिससे बिजली खंबे शोपीस बनकर लगे हुए हैं । इन दिनों भीषण गर्मी के चलते बिजली के अभाव में लोग परेशान घूम रहे हैं ना ही वह गर्मी से बचने के लिए पंखा , कूलर चला पा रहे हैं और ना ही पीने के पानी की व्यवस्था सुचारू बन पा रही है यहां तक कि छोटे-छोटे बच्चे गर्मी में तड़प रहे हैं । शाम होते ही पूरी बस्ती में वीरानी सी पसर जाती है
इनका कहना है
मेरे वार्ड में बिजली नहीं आने की शिकायत सभी वरिष्ठ अधिकारियों से कई बार कर चुका हूं हर बार यही कहा जाता है कि बस कुछ ही दिनों में बिजली चालू हो जाएगी लेकिन आज तक बिजली चालू नहीं हो सकी जिससे पूरे वार्ड निवासियों में भारी रोष है विधानसभा चुनाव में तो मैंने लोगों को मतदान के लिए मना लिया था लेकिन इस बार लोकसभा चुनाव में लोग बिजली नहीं तो वोट नहीं देने पर अड़े हुए हैं
प्रदीप जैन पिंटू , पार्षद वार्ड क्र. 8 , नगर परिषद खनियांधाना
-मैं कुछ दिन पहले ही विद्युत मंडल में पदस्थ हुआ हूं वार्ड क्रमांक 8 की समस्या आपने बताई है उस पर में जानकारी लेकर कार्यवाही करता हूं । बताया गया है कि ठेकेदार की वजह से उक्त कार्य में देरी हो रही है मैं अभी दिखाता हूं।
सिद्दीकी, जेई विद्युत मंडल खनियांधाना






Be First to Comment