
नगदी सहित गृहस्थी का सामान समेट ले गए चोर
शिवपुरी। बैराड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौद रोड पर स्थित एक सूने घर पर अज्ञात चोरों ने धाबा बोल दिया। चोर यहां से नगदी सहित गृहस्थी का सामान समेटकर ले गए। बताया जा रहा है कि परिवार गिर्राज जी की परिक्रमा देने के लिए गया हुआ था।
जानकारी के अनुसार राकेश पुत्र बुद्धू ओझा निवासी बरौद रोड बैराड अपनी पत्नी व दोनों बच्चों के साथ गुरूवार की सुबह किराए से गाड़ी करके गिर्राज जी की परिक्रमा देने के लिए रवाना हुआ। गुरूवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात्रि अज्ञात चोरों ने घर पर धाबा बोल दिया। पीडि़त के अनुसार चोर अलमारी में रखी सोने की एक जोड़ी झुमकी, मंगलसूत्र, चांदी की पायल, करधोनी, 11 हजार रुपए नगद, टीवी, कपड़े और खाने पीने का सामान चोरी कर ले गए। पीडित राकेश ओझा ने बताया कि चोर करीब 60-70 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए हैं साथ ही कमरे का सामान उलट-पुलट कर गए। रात 3 बजे गिरिराज जी से लौट कर आए राकेश ओझा ने जब मकान का ताला टूटा देख तब चोरी का पता चला। रात में ही घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मौके का मुआयना करते हुए राकेश ओझा की रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया है।







Be First to Comment