
इंदौर। पेंचवेली एक्सप्रेस में 60 घंटे पहले मृत करीब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव मिला है। इसका पता तब चला जब ट्रेन को पिट लाइन पर सर्विसिंग व सफाई के लिए लगाया जा रहा था। इस दौरान शौचालय से बदबू आने पर जब पुलिस को जानकारी दी। उसने दरवाजा तुड़वाया और शव को बाहर निकाला। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जीआरपी के अनुसार मृतक के पास दो टिकट मिले हैं। एक टिकट भोपाल से उज्जैन और दूसरा उज्जैन से हिरदाराम स्टेशन का है। दोनों टिकट 18 जनवरी के हैं। इससे अंदाजा लगाया गया है कि बुजुर्ग ने अंतिम यात्रा भोपाल से उज्जैन स्टेशन तक की है।
उसी दौरान बुजुर्ग की मौत वॉशरूम में हो गई, क्योंकि उसके बाद यह ट्रेन इंदौर पहुंचती हैं। यहां से तत्काल मक्सी के लिए निकल जाती है। वहां से छिंदवाड़ा जाती है और फिर वहां से इंदौर के लिए आ जाती है। पुलिस का अनुमान है कि बुजुर्ग की लाश 60 घंटे तक ट्रेन में ही सफर करती रही।
यह है पूरा मामला
छिंदवाड़ा से इंदौर के लिए निकली पेंचवेली फास्ट पैसेंजर ट्रेन सोमवार दोपहर 1.40 बजे इंदौर पहुंची। करीब 3 बजे उसे पिट लाइन पर सर्विसिंग व सफाई के लिए भेजा गया। सफाई कर्मियों ने महसूस किया कि वॉशरूम से बदबू आ रही है।
उन्होंने पाया कि वॉशरूम का दरवाजा अंदर से लगा हुआ है। सूचना जीआरपी को दी गई। पुलिस जब जनरल कोच में पहुंची तो काफी भीड़ लग चुकी थी। पुलिस ने तत्काल दरवाजा तुड़वाया। तब देखा कि अंदर एक बुजुर्ग का शव सड़ चुका था। शव की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जांच चल रही
रेलवे पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आखिर 60 घंटे की यात्रा के दौरान किसी ने शव को देखा क्यों नहीं? या किसी ने वॉशरूम बंद होने की जानकारी क्यों नहीं दी? फिलहाल बुजुर्ग की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
-बीपी सलोकी डीएसपी, जीआरपी






Be First to Comment