लूट करने आए बदमाशों ने सराफा व्यवसायी को मारी गोली
दिनारा। दिनारा में सराफा की दुकान संचालित करने वाले एक कारोबारी से लूट का प्रयास दो बदमाशों ने किया। यह घटना बदमाशों ने दिन दहाड़े अंजाम दी। बदमाश आभूषण देखने के बहानेे लूट करने आए थे। जैसे ही उन्होंने आभूषण लूटने का प्रयास किया वैसे ही व्यापारी बदमाशों से भिड़ बैठा। वहीं बदमाशाें ने व्यापारी पर कट्टे से फायर कर दिए जो उसके पैर में जाकर लगा। वहीं मौके पर मौजूद व्यापारी के पुत्र व अन्य लोगों ने बदमाशों को पकड़नेे का प्रयास किया लेकिन उन्होंने फायर करना शुरू कर दिया और फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। व्यापारी का घर और दुकान एक ही जगह है जिससे परिवार के अन्य सदस्य भी संघर्ष में शामिल हो गए थे।
सराफा कारोबारी हरिशंकर पुत्र बच्चीलाल सोनी दोपहर को अपनी दुकान पर बैठे थे, तभी उनकी दुकान पर दो बाइक सवार बदमाश आए। एक दुकान में दाखिल हुआ, जबकि दूसरा मोबाइल पर बात करता रहा। अंदर आए युवक ने गहने दिखाने को कहा। जैसे ही व्यापारी ने डिब्बा उसके हवाले किया दूसरा साथी भी अंदर दाखिल हो गया और डिब्बा अपने साथ ले जाने लगे, तभी व्यापारी ने साहस दिखाया और चीखते हुए बदमाश पर हमला बोल दिया। इसी बीच हरिशंकर का बेटा विकास भी उनके साथ हो लिया और बाइक को धक्का देकर गिरा दिया, जबकि व्यापारी ने एक बदमाश का पैर पकड़ लिया। जब लोगों ने बदमाशों काे पकड़ने का प्रयास किया तो उन्होंने पिस्टल से फायर करना शुरू कर दिए और भाग गए। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू की। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। वहीं घायल व्यापारी को झांसी इलाज के लिए ले जाया गया।






Be First to Comment