शिवपुरी। शहर का हृदय स्थल माधव चौक चौराहे को आकर्षक स्वरूप देने के लिए 50 लाख रूपए का बजट स्वीकृत हुआ है। माधव चौक के साथ-साथ उत्सव हत्याकांड में उखाड़ी गई मूर्ति को भी पुन: स्थापित किया जाएगा। माधव चौक चौराहे का निर्माण हाउसिंह बोर्ड करने जा रहा है। दो चरणों में बनाए जाने वाले इस चौराहे के लिए पहले चरण हेतु प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। दूसरे चरण की प्रशासकीय स्वीकृति मिलने के बाद टेण्डर प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांच साल पहले हैप्पीडेज स्कूल में अध्ययनरत छात्र उत्सव का अपहरण कर उसकी हत्या करने के विरोध में जन आक्रोश भड़का था जिसकी परिणति स्वरूप हिंसक भीड़ ने माधव चौक पर स्थापित माधौ महाराज की प्रतिमा को उखाड़कर आग के हवाले कर दिया था तब से माधव चौक प्रतिमा विहीन बना हुआ था। बाद में नगरपालिका ने माधौ महाराज की क्षतिग्रस्त प्रतिमा की रिपेयरिंग कराई और प्रदेश सरकार की मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने माधव चौक को दोबारा बनाने के लिए 50 लाख रूपए का बजट तैयार कराया। इसमें से 25 लाख रूपए मिल भी गए हैं। नए माधव चौक में हाईट पहले की तुलना में कम रखी जाएगी। माधव चौक अभी 10 से 12 फीट की ऊंचाई का बना है, लेकिन नए चौराहे की हाईट 7 से 9 फीट रखने का निर्णय लिया है ताकि कार चालक को दूसरा प्वांइट आसानी से नजर आ सके।





Be First to Comment