Press "Enter" to skip to content

एसपी को जिला व्यापार मंडल ने दिया ज्ञापन, कहा 5 दिन के अंदर हो लूट के आरोपितों की गिरफ्तारी, नहीं तो कर देंगे मंडी बंद / Shivpuri News

शिवपुरी। कोलारस में व्यापारी के साथ हुई 18 लाख की लूट को लेकर व्यापारिक संगठनों ने बुधवार को जिला व्यापार मंडल शिवपुरी के तत्वाधान में एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पुलिस प्रशासन को 5 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 5 दिन के भीतर लूट की वारदात के आरोपित गिरफ्तार नहीं हुए तो व्यापारिक संगठन शिवपुरी जिले की मंडियों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने पर बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने आए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष जितेंद्र जैन गोटू, महामंत्री राकेश जैन पूर्व विधायक देवेंद्र जैन आदि ने स्पष्ट तौर पर एसपी को कहा कि 24 नवंबर को कोलारस के व्यापारी गर्वित सिंगल के साथ हुई 18 लाख रुपए की लूट की घटना से शिवपुरी के सभी व्यापारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं उनमें भय एवं दहशत का माहौल है। शिवपुरी जिले का व्यापारी शांतिपूर्ण ढंग से अपने व्यापार को संचालित करने में अपनी आस्था रखता है लेकिन भय के माहौल में व्यापार करना संभव नहीं है। व्यापार मंडल के प्रतिनिधि मंडल ने कहा कि 5 दिन तक यदि इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं होती तो शिवपुरी जिले की मंडियां अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के अलावा व्यापारियों पर कोई विकल्प नहीं रहेगा। व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को इन लुटेरों के सीसीटीवी फुटेज पर भी गौर करने को कहा। उल्लेखनीय है कि लूट की घटना कारित करने वाले बदमाश सीसीटीवी की जद में तो आए हैं लेकिन स्पष्ट तौर पर उनके चेहरे ना देखने से असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
यह है घटनाक्रम
मंगलवार को दोपहर श्रीराम दाल मिल कोलारस के व्यापारी गर्वित सिंगल उर्फ रामा से बुलट सवार तीन बदमाशों ने कोलारस के ही गायत्री कालोनी क्षेत्र में दिनदहाड़ उस समय 18 लाख रुपए की सनसनीखेज लूट कारित कर डाली थी जब वह बैंक से पैसे लेकर अपनी स्कूटी पर सवार हो वापस जा रहे थे। बदमाशों ने गर्वित सिंगल की स्कूटी को कट मारा और एक बदमाश ने व्यापारी की आंख में मिर्च पाउडर झोंक कर उसे असहाय कर दिया और 18 लाख रुपए की राशि से भरा बैग छीनकर यह गिरोह शिवपुरी की ओर फर्राटा भर गया था। पुलिस का भी अनुमान है कि यह बदमाश सीधे शिवपुरी न जाते हुए ककरवाया की ओर कहीं टर्न ले गए और अन्य किसी मार्ग से यह निकलने में कामयाब रहे हैं।
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!