बदरवास। कस्बे में शनिवार को एक युवक ने 40 हजार रुपए की ठगी की वारदात को अंजाम देने के लिए फुलप्रूफ प्लान बनाया। आरोप है कि उसने एक कियोस्क संचालक के खाते से एक अन्य युवक के खाते में रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद उसकी आंखों में मिर्ची झोंककर भाग गया। जब वह पुलिस की पकड़ में आया तो उसने खुद की गर्दन पर चाकू रख कर खुद को मारने की धमकी दी, हालांकि पुलिस ने आरोपी युवक को बहला फुसलाकर किसी तरह उसे पकड़ लिया और थाने ले आई।
पैसों की जगह जेब से निकाली लाल मिर्च
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर एक अज्ञात युवक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने दुकान संचालक गोविंद धाकड़ की दुकान पर पहुंचा और उससे कहा कि मुझे किसी से 40 हजार रुपए मंगवाने हैं। मेरा बैंक एकाउंट नहीं है, इसलिए आप अपना एकाउंट नंबर दे दो। इसके एवज में उसने गोविंद को 500 रुपए देने की बात कही। गोविंद इस बात पर राजी हो गया और उसने अपना एकाउंट नंबर उसे दे दिया। इसके बाद यह युवक एसबीआई का कियोस्क चलाने वाले विपिन धाकड़ के कियोस्क सेंटर पर पहुंचा। वहां इसने विपिन को गोविंद का एकाउंट नंबर देते हुए कहा कि मुझे इस खाते में 40 हजार रुपए ट्रांसफर करवाने हैं। इसके एवज में उसे भी कुछ अतिरिक्त पैसा देने की बात कही। विपिन ने जैसे ही अपने एकाउंट से बताए गए खाते में पैसा ट्रांसफर किया। उक्त अज्ञात आरोपी ने जेब से पैसा निकालने की नौटंकी करते हुए जेब में से लाल मिर्च निकाली व उसकी आंखों में झोंक दी।
विपिन जब तक सामान्य हुआ तब तक आरोपी का कुछ पता नहीं चला वह कहां चला गया। जब एकाउंट की पड़ताल की तो पता चला कि वह एकाउंट उनके परिचित युवक गोविंद का निकला। तत्काल गोविंद को फोन लगाया तो पूरा मामला पता चल गया। इसी दौरान यह अज्ञात युवक भी गोविंद की दुकान पर पहुंच गया व उससे पैसों की मांग करने लगा। गोविंद ने इस युवक को बातों में उलझाया व एटीएम से पैसे निकालने की बात कही। इसी दौरान विपिन भी अपने साथियों वहां पहुंच गया। मामले की जानकारी पुलिस को लगी तो पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी पुलिस व अन्य लोगों को छकाकर खेतों में कूदते हुए बायपास पर पहुंच गया। पुलिस भी पीछे से वहां पहुंच गई और आरोपी को दबोच लिया। जैसे ही आरोपी ने खुद को घिरा पाया तो गले पर चाकू लगा कर मरने की धमकी देने लगा। पुलिस उसे बहला फुसलाकर थाने ले आई। थाने में आरोपी युवक की पहचान महेंद्र पुत्र कारण सिंह जाटव निवासी बांसखेड़ा के रूप में की गई है।
टीआई राकेश शर्मा ने कहा – हमने कियोस्क संचालक की तरफ से लिखित शिकायत ले ली है। मामले की जांच के बाद उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाएगी।






Be First to Comment