शिवपुरी। जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में वार्ड क्रमांक 39 की दर्जनभर महिलाएं वार्ड में संचालित देशी शराब की कलारी को हटवाने के लिए पहुंची। महिलाओं ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर कहा कि शराबियों का सुबह से जमावड़ा लग जाता है जिससे वातावरण दूषित हो रहा है इसलिए शीघ्र ही कलारी को दूसरी जगह खुलवाया जाए। महिलाओं ने बताया कि शराब की कलारी बस्ती के पास में ही संचालित हो रही है, जहां पर सुबह से ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना प्रारंभ हो जाता है जो देर रात तक लगा रहता है। इस दौरान इनके द्वारा शराब पीकर गंदी-गंदी गालियां देकर झगड़ा फसाद व उत्पाद करते हैं। आये दिन शराबियों द्वारा मोहल्ले की शांति भंग की जा रही है। महिलायें हैंडपंप पर पानी भरने नहीं जा पाती है, मोहल्ले के छोटे-छोटे बच्चों में गलत संस्कार बढ़ रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि कलारी को हटाने के लिए उनके द्वारा कलारी संचालक से कई बार कहा गया, लेकिन अभी तक कलारी नहीं हटाई गई। महिलाओं ने मांग की है कि उक्त शराब की दुकान को तत्काल इस जगह से हटाया अन्यथा की स्थिति में वार्डवासी आंदोलन करने के लिए विवश होंगे।
बॉक्स
इनका कहना है
-हमारे क्षेत्र में बीच मोहल्ले में कलारी है जिसे हम हटवाने के लिए आए हैं। कलारी के कारण हमारे पति पूरे पैसे नहीं बताते और बच्चों से भी शराब मंगवाते हैं और नहीं लाने पर मारपीट करते हैं। आज हम निवेदन करने आए हैं अगर इंसानियत से कलारी हटवाते हैं तो ठीक अगर नहीं हटवाएं तो हम अपने तरीके से हटवाएं, चाहे फिर हमें कलारी में तोडफ़ोड़ कुछ भी करना पड़े।
वार्डवासी महिला
-कलारी के संबंध में आवेदन आया है। इसका परीक्षण किया जाएगा इसके बाद उचित कार्यवाही की जाएगी।
तरुण राठी, कलेक्टर शिवपुरी





Be First to Comment