Press "Enter" to skip to content

32 घंटे ग्वालियर रहेंगे प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री करेंगें रिसीव, 5 को मॉकड्रिल,


ग्वालियर। बीएसएफ अकादमी टेकनपुर में होने वाली डीजी कांफ्रेंस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा के तहत मोदी 32 घंटे ग्वालियर में रहेंगे। 7 जनवरी की सुबह 8.30 बजे प्रधानमंत्री महाराजपुरा विमानतल पहुंचेंगे और 8 जनवरी की शाम 4.30 बजे ग्वालियर से रवाना हो जाएंगे। विमानतल पर प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रधानमंत्री को रिसीव करेंगें।

5 जनवरी को विमानतल से लेकर बीएसएफ अकादमी तक मॉल ड्रिल की जाएगी। मॉल ड्रिल की तैयारियां शुरु कर दी गईं हैं। वहीं प्रदेश के मुख्य सचिव बसंत प्रताप सिंह ने वीडियो कांफ्रेंसिंग में अफसरों से स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा की जिम्मेदारी बीएसएफ की ही नहीं बल्कि राज्य सरकार की भी है। इसके लिए पुख्ता व्यवस्थाएं बनाएं। वहीं कलेक्टर राहुल जैन ने भी मंगलवार को प्रस्तावित यात्रा को लेकर सभी विभागों के अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें ई एंड एम के ईई के अनुपस्थित होने पर एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। एसपीजी की टीम भी जल्द तैयारियों की समीक्षा करेगी।

बैठक में कलेक्टर राहुल जैन ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर की जा रहीं सभी व्यवस्थायें पूर्णतः गलती रहित हों। सभी विभागों के अधिकारी प्रधानमंत्री की यात्रा को गंभीरता से लें और अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी मुस्तैदी के साथ करें। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीमा सुरक्षा बल के डीआईजी एस के मिश्रा, भारतीय वायुसेना स्टेशन महाराजपुरा के ग्रुप कमाण्डर प्रदीप खरे, पुलिस अधीक्षक डॉ. आशीष, अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव व शिवराज वर्मा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मजबूत टीम लगाएं अधिकारी
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि राज्य शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बीएसएफ टेकनपुर में आयोजित होने जा रहे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में विभागीय अधिकारी पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को हिदायत दी कि व्यवस्थाओं के लिये मजबूत टीम लगाएं। साथ ही बीएसएफ के अधिकारियों से भी समन्वय स्थापित करें, जिससे सभी व्यवस्थायें सुचारू रूप से चलती रहें। व्यवस्थायें इस प्रकार से सुनिश्चित करें, जिससे आम नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमें होंगी तैनात
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के चलते एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी तैनात की जाएंगी। कलेक्टर ने बिजली कंपनी,बिजली सुरक्षा और संधारण सभी को सख्त निर्देश दिए कि बिजली की आपूर्ति की जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी, बिजली में कहीं से भी कोई परेशानी नहीं आना चाहिए।
बिरलानगर हॉस्पिटल में बनेगा सेफ हाउस
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा के मद्देनजर जेएएच हॉस्पिटल व जिला चिकित्सालय के साथ-साथ बिरला हॉस्पिटल एवं अन्य अस्पतालों में चिकित्सा के बेहतर से बेहतर इंतजाम मुकम्मल करने को कहा, बिरलानगर हॉस्पिटल में सेफ हाउस बनाया जाएगा जहां स्वास्थ्य सहित अन्य सुविधाएं भी रहेंगी । साथ ही प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, अन्य केन्द्रीय मंत्रीगण एवं मुख्यमंत्री सहित अन्य अतिविशिष्ट व्यक्तियों के कारकेड में भी स्वास्थ्य सेवाओं से सुसज्जिात एम्बूलेंस व टीम तैनात की जाएँ। बीएसएफ टेकनपुर में भी कार्यक्रम के दौरान 24 घंटे के लिये विशेषज्ञ चिकित्सकों से युक्त टीम तैनात करने के निर्देश भी उन्होंने दिए।
मौसम खराब हुआ तो सड़क मार्ग से जाएंगे प्रधानमंत्री
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री विमान द्वारा वायुसेना स्टेशन महाराजपुरा पहुँचेंगे और यहाँ से हैलीकॉप्टर द्वारा टेकनपुर जायेंगे। मगर मौसम खराब होने की स्थिति में प्रधानमंत्री सड़क मार्ग द्वारा टेकनपुर पहुँचेंगे। इसलिये निर्धारित सड़क मार्ग की मरम्मत व सुधार करें। साथ ही जहाँ जरूरत हो, वहाँ संकेतक भी लगाए जाएँ। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिये एसपीजी द्वारा दिए गए निर्देशों का भी सभी अधिकारी कड़ाई से पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि जल्द ही एसपीजी की टीम भी सुरक्षा के मद्देनजर सम्पूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी
More from Fast SamacharMore posts in Fast Samachar »

Be First to Comment

Leave a Reply

error: Content is protected !!