शिवपुरी। कोतवाली क्षेत्र के गुरूद्वारे चौराहे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से बीते दिनों एक अज्ञात व्यक्ति ने एटीएम से पैसे निकालने गए युवक का धोखे से एटीएम बदल लिया और उसके खाते से 29 हजार रूपए निकाल लिए। जिसकी जानकारी पीडि़त को उस समय लगी जब उसके मोबाइल पर रूपए आहरित होने का संदेश प्राप्त हुआ। इसकी शिकायत पीडि़त युवक ने कोतवाली में की। जहां पुलिस ने पीडि़त युवक से शिकायती आवेदन लेकर जांच की और जांच के बाद कल अज्ञात के खिलाफ भादवि की धारा 420 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर लिया।
पीडि़त फईम अहमद पुत्र शरीफ अहमद निवासी हम्माल मोहल्ला ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि 27 मार्च की रात्रि 8 बजे वह गुरूद्वारा चौराहे पर स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम से रूपए निकालने गया था। जहां उसने अपना एटीएम मशीन में लगाकर रूपए निकालने की सारी प्रक्रिया पूरी कर ली, लेकिन एटीएम से रूपए नहीं निकले तो वहां खड़े एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे कहा कि उसने गलत बटन दबा दिया है और उसका उक्त व्यक्ति ने एटीएम ले लिया। इसी दौरान ठग ने बड़ी चतुराई के साथ एटीएम बदल दिया और उसे दूसरा एटीएम दे दिया। रूपए न निकलने के कारण वह एटीएम से निकलकर घर जाने लगा। तभी उसके मोबाइल पर संदेश प्राप्त हुआ कि उसके खाते से 29 हजार रूपए आहरित हुए हैं। संदेश प्राप्त होते ही वह एटीएम पहुंचा जहां कोई भी मौजूद नहीं था जब उसने अपना एटीएम देखा तो वह बदला हुआ था। तुरंत ही उसने अपने साथ हुई ठगी की शिकायत कोतवाली में की।



