शिवपुरी। जिले के पिछोर और मायापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 25 हजार रूपए की शराब और एक बाइक जप्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने पहली कार्रवाई पिछोर के ग्राम गजौरा में की जहां से एक महिला कमलेश पत्नी भगवान सिंह लोधी को गिरफ्तार किया है जो अपने घर से अवैध शराब का व्यापार चलाती है। पुलिस ने महिला आरोपी के घर से 20 हजार रूपए की शराब भी बरामद की है। दूसरी कार्रवाई मायापुर के टकोरा तालाब के पास स्थित आदिवासी मोहल्ले में की जहां से दो आरोपी राजकुमार पुत्र ऊधम केवट और चरण सिंह पुत्र राजाराम यादव निवासी मायापुर को गिरफ्तार किया है। उक्त दोनों आरोपी एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से शराब का परिवहन कर ले जा रहे थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 100 क्वाटर देशी शराब और 100 क्वाटर मसाला शराब के बरामद किए हैं जिनकी कीमत 5 हजार रूपए बताई गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कायमी की है।



