भ्रष्टाचार मुक्त भारत का सपना सच करूंगा, 2022 तक हरेेक के पास होगा घर: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का पहला काम है कि शहरी क्षेत्र हो, ग्रामीण क्षेत्र हो सबके पास अपना घर हो. 2022 तक हर परिवार के पास अपना घर होगा. इसके लिए केंद्र सरकार कई योजनाएं लेकर आ रही है. उन्होंने कहा कि देश से भ्रष्टाचार मिटाने के लिए हर वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है.

.
आगरा के कोठी मीना बाजार में परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने यह बातें कही. उन्होंने कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद देश में पांच लाख करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं.
उन्होंने कहा, “देश को भ्रष्टाचारियों से मुक्त कराने के लिए जो बीड़ा उठाया है उसका सीधा लाभ गरीबों को मिलेगा. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि आपके सपने सच होकर रहेंगे. यह काम बहुत बड़ा है.”
उन्होंने कहा कि ये कदम काले धन वालों के खिलाफ उठाया गया तो आपको तकलीफ क्यों हो रही है. पीएम ने कहा कि उन्होंने देश को भ्रष्टाचारियों, कालेबाजारियों और कालेधन से मुक्त कराने का बीड़ा उठाया है. उन्होंने कहा कि इसमे सबसे ज्यादा आशीर्वाद गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों ने दिया है जिन्हें मैं सिर झुकाकर नमन करता हूं.
‘देशवासियों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा’
मोदी ने कहा कि नोटबंदी से थोड़ी असुविधा होगी. लेकिन देशवासी इस कार्य को सफल बनाने के लिए कष्ट उठा रहे हैं. भ्रष्टाचार को दूर करने के लिए हर वर्ग के लोग कष्ट उठा रहे हैं. आपका यह त्याग बेकार नहीं जाएगा.
‘कानपुर रेल हादसे के पीड़ितों को मिलेगी हर तरह की मदद’
इससे पूर्व कानपुर के पुखरायां में हुए भीषण रेल हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह काफी दुखद है. उन्होंने कहा केंद्र सरकार की तरफ से दुर्घटना की पूरी जांच तो होगी ही, लेकिन पीड़ित परिवारों को पूरी सहायता प्रदान की जाएगी.
मोदी ने इस मौके पर रेल हादसे में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि भी अर्पित की. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इसका उन्हें काफी दुख है. इस हादसे से उबरने के लिए केंद्र पूरी मदद करेगा.
‘उज्जवला योजना से उज्जवल हो रहा गरीबों को जीवन’
प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे की बेहतरी से यहां के लोगों के जीवन में सुधार हो जाएगा. प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत गरीबों का खाता खुलवाया. प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का लाभ गरीबों को मिल रहा है. इससे गरीबों को चूल्हा जलाने से मुक्ति मिलेगी.
उन्होंने कहा कि इस योजना से गरीबों को गैस का कनेक्शन मिलेगा. चूल्हे पर खाना बनाना नहीं पड़ेगा. लकड़ियों के लिए गरीबों को भटकना नहीं पड़ेगा. इससे गरीबों के जीवन में बदलाव आएगा.
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में 18 हजार गांव 18वीं शताब्दी में जीते थे. बिजली का काम पूरा करने की ठानी थी. 95 प्रतिशत काम पूरा कर लिया है. गरीबों की प्राथमिकता को लेकर आगे बढ़ रहे हैं. देश के गरीबों, नौजवानों का कर्ज अदा करना चाहता हूं.





Be First to Comment